भारी बारिशःपानी निकासी के लिए निगम ने झोंकी ताकत,कच्चा नाली बनाने के साथ ही मोटर पंप और जेटिंग मशीन का उपयोग

कमिश्नर समेत पूरा अमला मैदान में जुटा रहा,जोन कमिश्नरों को लगातार मानिटरिंग के निर्देश
70 स्थानों से निगम ने पानी निकाला पानी,33 स्थानों से जेसीबी और 7 स्थानों से पंप से निकासी
बिलासपुर- पिछले 18 घंटो से हो रही भारी बारिश से पूरा शहर तरबतर है,शहर समेत पूरे संभाग में तेज बारिश की वजह से शहर के निचले इलाकों में जल भराव की समस्या उत्पन्न हुई है। जल भराव से निपटने निगम की टीम गुरूवार को तड़के ही फील्ड पर तैनात हो गई थी। निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर सभी जोन कमिश्नर,इंजीनियर और सफाई अमला जल भराव वाले क्षेत्रों में पहुंचकर पानी निकासी में जुटें रहे। निगम कमिश्नर अमित कुमार खुद भी पूरे शहर का दौरा कर जल भराव वाले स्थानों में पहुंचकर कार्यों का जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश को ध्यान में रखकर निगम कमिश्नर ने सभी जोन कमिश्नरों को लगातार मानिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं,इसके अलावा इंजीनियर,सफाई एवं अतिक्रमण अमले को अगले 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।

बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात से अब तक 127 मिमी रिकार्ड बारिश दर्ज किया गया है, जिससे शहर के अलग-अलग क्षेत्र पुराना बस स्टैंड,जरहाभाटा,तैयबा चौक बंधवापारा,जोरापारा चांटीडीह,मित्र विहार,श्रीकांत वर्मा मार्ग जैसे स्थानों में पानी भराव हो गया था,जिसके निकासी के लिए तत्काल टीम जुट गई थी। निगम की टीम नाला सफाई समेत जल निकासी के तमाम उपाय करने में जुटी हुई है, पानी निकासी के लिए आवश्यकता अनुसार कच्ची नाली बनाकर पानी निकासी किया गया इसके अलावा मोटर पंप और जेटिंग मशीन का भी उपयोग किया जा रहा है। सभी जोन क्षेत्रों में कुल 70 स्थानों पर निगम ने पानी का निकासी किया,जिसमें 33 स्थानों पर जेसीबी और पोकलेन के जरिए और 7 जगहों पर पंप द्वारा पानी निकासी किया गया हैं। इसके अलावा 32 जगहों पर निगम कर्मियों द्वारा मैन्युअली पानी निकासी की व्यवस्था की गई। निगम कमिश्नर अमित कुमार ने सुबह से सरकंडा,मंगला,सकरी,राजकिशोर नगर एरिया,तिफरा समेत शहर के अन्य रिहायशी इलाकों का मुआयना कर आगे जल भराव की स्थिति ना हो इसके लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए है और अलर्ट रहने को कहा है।

हालात से निपटने जोन कमिश्नर और इंजीनियरों को निर्देश
निगम द्वारा बारिश को देखते हुए शहर के सभी हिस्सों में खासकर ऐसे मोहल्ले जो भौगोलिक रूप से नीचे है,वहाँ निगरानी की जा रही है इसके साथ ही संबंधित जोन कमिश्नरों और इंजीनियरों को फील्ड पर ही रहने के निर्देश दिए गए है ताकि जल भराव की आपात स्थिति से निपटा जा सकें,इसके लिए सभी की ड्यूटी भी लगाई गई है। तेज बारिश होने पर सभी जोन कमिश्नरों और इंजीनियरों को निरीक्षण करने भेजा गया था और जिन क्षेत्रों में समस्या थी वहाँ त्वरित निराकरण के लिए टीम तैनात की गई।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष,24 घंटे रहेंगे अधिकारी,कर्मचारी
नगर निगम द्वारा बाढ़ नियंत्रण कक्ष विकास भवन में स्थापित किया गया है। बरसात में शहर में जल निकासी की समस्या तथा अरपा नदी में संभावित जल स्तर के बढ़ने से उत्पन्न होने वाली समस्या से निपटने के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिसमें 24 घंटे सेवा देने तीन पालियों में अधिकारी,इंजीनियर एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। आपात स्थिति के लिए बाढ़ नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर 07752 471224 जारी किया गया है,इसके अलावा इसके नोडल अधिकारी अपर आयुक्त खजांची कुम्हार मो.9753437043, मुख्य अभियंता राजकुमार मिश्रा मो. 917694044002 तथा सहायक नोडल अधिकारी अनुपम तिवारी मो.9993596615 नियुक्त किए गए है। इसके अलावा आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से रखने के लिए सामुदायिक,शासकीय तथा निजी भवनों को चिन्हित किया गया है,जिसके अलग से नोडल आफिसर भी बनाएं गए है जर्जर भवनों को चिन्हांकित कर कार्यवाही के लिए भी इंजीनियरों को दायित्व सौंपे गए है।
