Blog

जांजगीर नैला दुर्गा उत्सव : 140 फीट ऊंचा पंडाल और 35 फीट की दुर्गा प्रतिमा बनेगी आकर्षण का केंद्र.

जांजगीर-नैला। इस बार दुर्गा उत्सव की भव्यता और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। नैला दुर्गा उत्सव समिति ने इस साल श्रद्धालुओं के लिए म्यांमार के श्वेत मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार कराया है, जिसकी ऊंचाई 140 फीट होगी। पंडाल के अंदर शीशमहल जैसी चमकदार सजावट रहेगी, जो भक्तों को आकर्षित करेगी। वहीं, 35 फीट ऊंची दुर्गा प्रतिमा कमल के फूल पर विराजमान होगी। आकर्षक सजावट के साथ-साथ लाइटिंग की भी विशेष तैयारी की गई है।

नैला में पिछले 42 वर्षों से दुर्गा उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। खास बात यह है कि बीते 20 वर्षों से हर साल यहां की दुर्गा प्रतिमा और पंडाल को अलग-अलग थीम पर सजाया जाता है। पिछले वर्ष यहां थाईलैंड के अरुणदेव मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया गया था, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया था। इस बार की थीम भी छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि पड़ोसी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण होगी।

दो माह से 100 से ज्यादा शिल्पकार और कारीगर पंडाल और मूर्ति निर्माण में जुटे हुए हैं। आयोजन समिति के सदस्य बताते हैं कि लोगों को इस उत्सव का बेसब्री से इंतजार रहता है और यही कारण है कि हर साल यहां भक्तों की भीड़ उमड़ती है।

नैला दुर्गा उत्सव सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और कलात्मक परंपरा का प्रतीक बन चुका है, जो हर साल नई थीम और नए अंदाज से भक्तों की आस्था को और भी प्रगाढ़ करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *