बिलासपुर में सब्जी विक्रेताओं का विरोध
नगर निगम पर लगाये गंभीर आरोप
बिलासपुर। बृहस्पति बाजार के नीचे वर्षों से सब्जी दुकान लगाकर जीवनयापन कर रहे करीब 100 से अधिक किसानों ने मंगलवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर स्थायी दुकान लगाने की मांग की। किसानों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी आए दिन उन्हें दुकान लगाने से रोकते हैं और धक्का-मुक्की कर परेशान करते हैं। किसानों ने बताया कि वे पीढ़ियों से सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। इसी कमाई से बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलता है। लेकिन नगर निगम की कार्रवाई से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को सुबह 11:30 बजे निगम अधिकारियों ने सड़क पर रखी सब्जी हटाने और दुकान बंद करने का अल्टीमेटम दे दिया। विक्रेताओं का कहना है कि अचानक दुकान बंद करने से उनकी रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। रोजाना की बिक्री से ही उनके परिवार का गुजारा होता है। अगर इस व्यवस्था को बंद कर दिया गया तो वे बेरोजगार हो जाएंगे और परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो जाएगा।
सब्जी विक्रेताओं ने यह भी कहा कि वे जहां दुकान लगाते हैं, वहां हमेशा साफ-सफाई का ध्यान रखते हैं। वे न तो सड़क जाम करते हैं और न ही कोई गंदगी फैलाते हैं। इसके बावजूद नगर निगम अधिकारी उन्हें परेशान कर रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि निगम के अतिक्रमण दस्ता शराब पीकर आते हैं और महिलाओं से भी बदतमीजी करते हैं। किसानों ने जिला कलेक्टर से अपील की है कि निगम कर्मचारियों की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए और उन्हें स्थायी रूप से उसी स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति प्रदान की जाए।