नगर निगम की सामान्य सभा इसी माह होने की संभावना
मेयर इन काउंसिल की बैठक में प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
बिलासपुर ।नगर निगम की सामान्य सभा इसी माह आयोजित होने की संभावना है। इसके लिए नगर निगम द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और एजेंडा तैयार किया जा रहा है। इसी सिलसिले में नगर निगम की मेयर इन काउंसिल की बैठक मंगलवार को आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास और अन्य मुद्दों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में मंजूरी मिलने के बाद अब सामान्य सभा के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।नगर निगम प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि इसी महीने के अंत तक सामान्य सभा आयोजित की जा सकती है। इस सभा में शहर के विकास से जुड़ी कई बड़ी योजनाओं को अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है, जिनसे शहरी सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।सामान्य सभा का आयोजन पार्षदों के लिए भी एक अहम अवसर होगा। इसमें वे अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्रमुखता से रख सकेंगे। जल निकासी, सड़क मरम्मत, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट जैसे स्थानीय मुद्दों पर चर्चा के साथ समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद है।नगर निगम की यह सभा शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है, जिसमें जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी और पारदर्शिता के साथ निर्णय लिए जाएंगे।