प्राथमिक शाला तारबाहर में एफएलएन एवं टीएलएम मेला आयोजित
बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को नया आयाम, शिक्षकों की रचनात्मकता रही सराहनीय
बिलासपुर ।प्राथमिक शाला तारबाहर में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता तथा शिक्षण अधिगम सामग्री मेले का आयोजन बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संकुल प्राचार्य उषा चंद्रा, एपीसी डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. मुकेश पांडे और यूआरसी वासुदेव पांडे उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की संचालक एवं प्रधानाध्यापिका पूजा तिवारी ने की।मेले में शिक्षिका माधुरी निर्मलकर ने एफएलएन
एवं टीएलएम मेले की महत्ता और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मेला बच्चों को खेल-खेल में पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणित सीखने का अवसर देता है। वहीं शिक्षकों को कम लागत वाली शिक्षण सामग्री बनाने, उपयोग करने और एक-दूसरे से सीखने का मौका मिलता है।इस अवसर पर विद्यालय के प्राथमिक स्कूल स्टाफ, एचएम चितरेखा तिवारी, सीएमडी और बीटीआई के डी.एल.एड. छात्र-शिक्षक भी उपस्थित रहे। बच्चों और शिक्षकों द्वारा बनाए गए रचनात्मक टीएलएम प्रदर्शित किए गए, जिन्हें अतिथियों ने विशेष रूप से सराहा।शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने और बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे। तारबाहर स्कूल के शिक्षक अपनी मेहनत, रचनात्मकता और समर्पण से शिक्षा को नया स्वरूप दे रहे हैं, जो सराहनीय और प्रेरणादायी है।