सिंधी समाज ने किया जोरदार प्रदर्शन – गिरफ्तारी की मांग
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल के विवादित बयान को लेकर हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सिंधी समाज के सैकड़ों लोग बिलासपुर कलेक्ट्रेट पहुंच गए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि अमित बघेल ने अपने बयान में न सिर्फ सिंधी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि उनके इष्टदेव भगवान झूलेलाल का भी अपमान किया है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि अमित बघेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196, 298 और 302 के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
दरअसल सिंधी समाज का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में बघेल ने सिंधी समाज को पाकिस्तानी कहकर संबोधित किया, जो अत्यंत आपत्तिजनक और समाज को बांटने वाला वक्तव्य है। इस बयान से पूरे समुदाय में आक्रोश फैल गया है। सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका समुदाय सदैव भारत की एकता, अखंडता और संस्कृति का हिस्सा रहा है। देश की आजादी की लड़ाई से लेकर सामाजिक विकास तक सिंधी समाज ने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा पूरे समाज को अपमानित करना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक समुदाय नहीं, बल्कि पूरे समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं पर हमला है। विरोध के दौरान समाजजनों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अमित बघेल पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो सिंधी समाज प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगा। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं ने कहा कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य फैलाते हैं और प्रशासन को ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाना चाहिए। वहीं, अमित बघेल के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है।
कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि धार्मिक या सामाजिक समुदायों के खिलाफ इस तरह के बयान निंदनीय हैं। प्रशासन अब इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है, जबकि सिंधी समाज न्याय की उम्मीद में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।