Blog

मंगल स्पंज फैक्ट्री में हादसा, 23 वर्षीय क्रेन ऑपरेटर की मौत

सड़ी जाली टूटी, 40 फीट नीचे गिरा मजदूर, मौके पर हो गई मौत

परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग

ग्रामीणों ने की जांच व दोषियों पर कार्रवाई की मांग, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

बिलासपुर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक बार फिर मौत का सबब बनी। बिल्हा स्थित मंगल स्पंज आयरन फैक्ट्री में बुधवार रात हुए हादसे में 23 वर्षीय क्रेन ऑपरेटर मिथलेश यादव की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मिथलेश रात में ओवरटाइम ड्यूटी पर था और क्रेन चला रहा था। किसी कार्यवश नीचे उतरते समय उसका पैर एक सड़ी-गली जाली पर पड़ा, जो टूट गई। देखते ही देखते मिथलेश करीब 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल मिथलेश को तत्काल श्रीराम केयर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन ने शव को सिम्स मर्चुरी भेजने की सलाह दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग करने लगे। परिजनों ने मांग पूरी न होने तक शव को मर्चुरी से न उठाने का निर्णय लिया।

00 2 साल का मासूम और गर्भवती पत्नी हो गई बेसहारा
मृतक के पिता अर्जुन लाल यादव ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं। कर्मचारियों को जोखिम भरे हालात में काम करना पड़ता है। वहीं, मौके पर पहुंचे फैक्ट्री के चार सुपरवाइजर परिजनों को समझाने में लगे रहे, लेकिन ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रबंधन केवल हादसे के बाद हरकत में आता है। मिथलेश अपने पीछे 2 साल के बेटे हर्षद और गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *