चक्रवाती तूफान मोंथा का असर: बिलासपुर संभाग में बारिश से फसलों को नुकसान….कोरबा, जांजगीर,अंबिकापुर में बारिश, बिलासपुर, मुंगेली में दो दिन से छाए बादल
बिलासपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मोंथा का असर अब बिलासपुर संभाग में भी दिखाई देने लगा है। कोरबा, जांजगीर, अंबिकापुर और कोरिया जिलों में रुक-रुककर हो रही बारिश से फसलों को नुकसान पहुँचा है। वहीं बिलासपुर, मुंगेली और जीपीएम में पिछले दो दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक तूफान का असर बने रहने की संभावना है। बादलों की वजह से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अगले 24 घंटे में बारिश तेज होती है, तो धान की फसल को भारी नुकसान हो सकता है। कोरबा जिले में लगभग 91 हजार हेक्टेयर में धान की फसल बोई गई है, जो अब पककर तैयार हो चुकी है। कटघोरा और रामपुर क्षेत्र के कुछ इलाकों में कटाई का काम भी शुरू हो गया है। इस बीच, पेनिकल माइट और मकड़ी जैसे कीटों के प्रकोप से किसान पहले ही परेशान हैं। यदि बारिश जारी रही तो फसलों में बीमारी बढ़ने और उत्पादन घटने की आशंका है।