कलचुरी कलर महोत्सव 9 नवंबर को, समाज की संस्कृति और गौरव का भव्य आयोजन
मा महामाया मंदिर प्रांगण में जुटेगा प्रदेशभर का कलचुरी समाज, मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि
बिलासपुर।कलचुरी समाज की कला, संस्कृति और गौरव को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से कलचुरी कलर महोत्सव का भव्य आयोजन आगामी रविवार को मा महामाया मंदिर प्रांगण में किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की समृद्ध परंपरा, इतिहास और धरोहर के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा समाज के विभिन्न संगठनों को एकजुट कर समाज की शक्ति और गरिमा को बढ़ाना है।कार्यक्रम की शुरुआत कुलदेवी मा महामाया की आराधना से होगी। इसके बाद माता बहादुर कलंगी और सहस्त्रबाहु जी का पूजन वंदन किया जाएगा। मुख्य अनुष्ठान के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलेगा, जिसमें समाज की कला, नृत्य और प्रतिभा की झलक देखने को मिलेगी।कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से कलचुरी कलार समाज के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, संस्कृति मंत्री और बिलासपुर जिले के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह आयोजन समाज को नई दिशा देने के साथ एकता और गौरव की भावना को भी मजबूत करेगा।