Blog

बर्दुला पारा में नई शराब दुकान का महिलाओं ने किया जोरदार विरोध…. कोड़ापुरी के पुरुषों ने शासकीय दुकान खोलने की मांग की थी

तखतपुर से समीर सेमर की रिपोर्ट

बिलासपुर/तखतपुर। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोड़ापुरी के आश्रित ग्राम बर्दुला पारा में प्रस्तावित नई शराब दुकान को लेकर शनिवार सुबह से ही माहौल गर्माया रहा।दुकान के शुभारंभ की जानकारी मिलते ही गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं,पुरुष और बच्चे दुकान के बाहर जमा हो गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह दुकान यदि खुलती है तो गांव का वातावरण बिगड़ जाएगा, असामाजिक गतिविधियां बढ़ेंगी और महिलाओं की सुरक्षा पर असर पड़ेगा।

महिलाओं ने किया कड़ा विरोध – गांव में दुकान खुली तो बढ़ेगी परेशानी

विरोध कर रहीं अमरीका बाई ने नाराजगी जताते हुए कहा,,,आज शासन शराब दुकान की शुरुवात करने आया था लेकिन हम सभी इसका विरोध कर रहे है।दुकान खुलने से महिला, बच्चे और पूरे गांव को आने वाले समय में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा इसलिए हम सुबह से यहां खड़े होकर दुकान न खोलने की मांग कर रहे है।शासन – प्रशाशन से निवेदन है कि हमारे गांव में किसी भी हाल में शराब दुकान न खोली जाए।
महिलाओं ने कहा कि शराब दुकान खुलते ही युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ेगी, झगड़े होंगे और गांव का शांत माहौल खराब होगा।
कोड़ापुरी के पुरुषों की अलग राय – कच्ची शराब और गांजा की समस्या से मुक्ति के लिए शासकीय दुकान जरूरी

वहीं दूसरी ओर, गांव के ही कोड़ापुरी  के कई पुरुषों का अलग पक्ष सामने आया है। रमेश जायसवाल ने बताया-
हमने शासकीय शराब दुकान खोलने की मांग की थी क्योंकि कोड़ापुरी में कच्ची महुआ शराब और गांजा की बिक्री लंबे समय से चल रही है।अन्य गावो के लोग यहां आकर सेवन करते है,गली गलौज करते हैं।जिससे माहौल खराब रहता था। अवैध कच्ची महुआ शराब की अवैध खुलेआम बिक्री पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी।
उन्होंने आगे कहा— शासकीय शराब लेने के लिए हमें 20–25 किलोमीटर दूर तखतपुर या सकरी जाना पड़ता था। इसलिए ग्रामीणों ने शासन से मांग की कि यहां सरकारी दुकान खोल दी जाए ताकि कच्ची शराब और अवैध व्यापार पर रोक लग सके।

*विरोध बढ़ा तो पहुंचा प्रशासन — ग्रामीण टस से मस नहीं*

सूचना मिलते ही आबकारी विभाग, सकरी टीआई, तहसीलदार एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण दुकान न खुलने देने की जिद पर अड़े रहे। प्रशासनिक टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी, परंतु ग्रामीणों ने दुकान का उद्घाटन रोक दिया।

कुछ माह पहले उठी थी अनोखी मांग — हमारे 22 साल के करियर में पहली बार ऐसा आवेदन मिला”
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व कोड़ापुरी पंचायत के ही ग्रामीणों ने विधायक धर्मजीत सिंह को आवेदन देकर गांव में शराब दुकान खोलने की मांग की थी। सुशासन तिहार के आयोजन के दौरान विधायक सिंह ने मंच से कहा था— “मेरे 22 साल के राजनीतिक जीवन में पहली बार किसी पंचायत ने शराब दुकान खोलने की मांग की है। यदि यह ग्रामीणों की मांग है, तो इसे भी पूरा किया जाएगा।” उन्होंने मंच से ही आबकारी विभाग की उप आयुक्त कल्पना राठौर को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे।


अब दो पक्ष आमने-सामने — बर्दुला पारा का विरोध और कोड़ापुरी की मांग बना प्रशासन के लिए चुनौती

एक ओर जहां बर्दुला पारा के लोग दुकान न खोलने की जिद पर अड़े हैं, वहीं दूसरी ओर कोड़ापुरी के पुरुष शासकीय दुकान खोलने की मांग पर कायम हैं। दोनों पक्षों की अलग-अलग राय के बीच शासन-प्रशासन के लिए निर्णय लेना चुनौतीपूर्ण हो गया है। फिलहाल दुकान का शुभारंभ रोक दिया गया है और जो दुकान के लिए शराब आई थी उसे ग्रामीणों ने दुकान में उतरने नहीं दिया है प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है जल्द ही आपसी सामंजस्य बनाकर दुकान का प्रारंभ किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *