Blog

कृषि महाविद्यालय बिलासपुर का 40 सदस्यीय खिलाड़ी दल उत्तर क्षेत्रीय अन्तर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता के लिए अंबिकापुर रवाना

बिलासपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय अन्तर्महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2025 में भाग लेने के लिए बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर का 40 सदस्यीय बालक एवं बालिका खिलाड़ियों का दल अंबिकापुर रवाना हुआ।
इस दल का नेतृत्व डॉ. (श्रीमती) अर्चना केरकट्टा एवं श्री जितेंद्र चौहान द्वारा किया जा रहा है।

तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न व्यक्तिगत एवं सामूहिक क्रीड़ा स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में लम्बी कूद, ऊंची कूद, ट्रिपल जंप, भाला फेंक, गोला फेंक, डिस्क थ्रो, 100 मी., 200 मी., 400 मी., 800 मी., 1500 मी., हर्डल दौड़, तथा 4×100 मी. एवं 4×400 मी. रिले दौड़ शामिल हैं।
सामूहिक खेलों में वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस की स्पर्धाएँ आयोजित की जा रही हैं।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभी कृषि महाविद्यालयों को चार जोन—पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण—में विभाजित किया गया है। पूर्वी जोन में 11 महाविद्यालय शामिल हैं, जबकि शेष तीन जोनों में कुल 28 महाविद्यालयों द्वारा समान रूप से अन्तरमहाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।

प्रत्येक जोन में आयोजित प्रतियोगिता से चयनित 40-40 विद्यार्थियों की एक टीम बनाई जाएगी, जो विश्वविद्यालय स्तर पर होने वाली अंतर विश्वविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता में अपने-अपने जोन का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके बाद विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता से 40 श्रेष्ठ खिलाड़ियों की एक विश्वविद्यालय टीम का गठन किया जाएगा, जो इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली अंतर कृषि विश्वविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता में करेगी।

दल को अंबिकापुर के लिए रवाना करते समय डॉ. एन.के. चौरे, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय बिलासपुर ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की। महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *