बिजली दरों में बढ़ोतरी, पट्टा व बस्ती संरक्षण को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी सड़कों पर

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी दलों का नेहरू चौक में एक दिवसीय धरना
बिलासपुर।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और वामपंथी दलों ने नेहरू चौक में धरना एवं आमसभा आयोजित की गईं। आयोजकों का कहना है कि देश में समानता, सद्भाव, भाईचारे और समावेशी समाज के लिए स्थापित मानवीय मूल्यों पर लगातार हमले बढ़ रहे हैं। पूंजीपति हितों को साधने के लिए संविधान प्रदत्त नागरिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है, जिससे दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों पर अत्याचार बढ़े हैं।
सभा में बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता और 400 यूनिट तक मिलने वाली क्रॉस सब्सिडी बंद किए जाने का मुद्दा प्रमुख रहेगा। वाम दलों ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से गरीब परिवार दोगुना बिजली बिल भरने को मजबूर हैं।
संगठनों ने मांग की है कि बिलासपुर के सभी भूमिहीन परिवारों को रिहायशी पट्टा दिया जाए, बस्तियों को उजाड़ने की कार्रवाई रोकी जाए तथा ठेला–गुमटी जब्ती और चालान पर रोक लगे। देवरीखुर्द के वर्षों से काबिज परिवारों को पट्टा और आवास उपलब्ध कराने तथा हाईकोर्ट के आदेश का पालन कराने की भी मांग उठाई जाएगी।