डिवाइडर से भिड़ी बाइक,एक की मौके पर मौत

बिलासपुर।शहर में देर रात नाइट राइडिंग का चलन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ हादसों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार देर रात सिविल लाइन क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे ने फिर से यह चेतावनी दे दी है कि तेज रफ्तार और नशे की लापरवाही किसी भी क्षण जिंदगी छीन सकती है।
दरअसल मंगलवा में डिवाइडर से बाइक टकराने पर गणेश नगर निवासी प्रिंस बंजारे (21) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद अभय (22) गंभीर रूप से घायल है। दोनों दोस्तों का यह सफर एक छोटी सी गलती के कारण हादसे में बदल गया।
दोस्तों के साथ उसलापुर से लौटते समय प्रिंस और अभय ने भले ही घर जल्दी पहुंचने की सोची हो, लेकिन तेज रफ्तार और शराब पीकर बाइक चलाना उनके लिए जानलेवा बन गया। पुलिस के मुताबिक दोनों ने शराब पी रखी थी और बाइक काफी तेज गति से चलाई जा रही थी।
दीनदयाल कॉलोनी की ओर लौटते वक्त अचानक नियंत्रण बिगड़ा और बाइक सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि प्रिंस उछलकर काफी दूर जा गिरा और उसके सिर में आई गंभीर चोट ने उसकी मौके पर ही जान ले ली।स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 को फोन किया। पुलिस टीम तुरंत पहुंची और दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
अभय अभी भी आईसीयू में भर्ती है और उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें हैं।