बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर ने उत्तर क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेल-कूद प्रतियोगिता में किया कब्जा

ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी बिलासपुर के नाम
बिलासपुर/अंबिकापुर। राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर में आयोजित चार दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय अंतर्महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता 2025–26 का समापन 21 नवंबर 2025 को भव्य आयोजन के साथ हुआ। प्रतियोगिता का संचालन एवं समापन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के माननीय कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल के मार्गदर्शन में किया गया। समापन समारोह में डॉ. संजय शर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. संतोष कुमार सिंहा, अधिष्ठाता, राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर ने की।

10 महाविद्यालयों के 376 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में उत्तर क्षेत्र के कुल 10 कृषि महाविद्यालयों के 376 छात्र-छात्राओं ने एथलेटिक्स, रिले रेस, लंबी कूद, ऊँची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो एवं अन्य टीम इवेंट्स में उत्साहपूर्वक भाग लिया। चार दिनों तक चले विभिन्न मुकाबलों ने खिलाड़ियों की प्रतिभा, शारीरिक क्षमता और टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

बेस्ट एथलीट – ईशा टोप्पो
प्रतियोगिता में बेस्ट एथलीट का ख़िताब राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर की प्रतिभावान छात्रा ईशा टोप्पो को मिला। उनके शानदार प्रदर्शन ने महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
ओवरऑल चैंपियन – बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर ने ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी पर अपना कब्ज़ा जमाया। टीम के उत्कृष्ट सामूहिक प्रदर्शन ने महाविद्यालय को शीर्ष स्थान पर पहुंचाया, जबकि राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर रनर-अप रहा।
मुख्य अतिथि का संबोधन
मुख्य अतिथि डॉ. संजय शर्मा ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा—
“जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खिलाड़ियों में आगे बढ़ने का जज़्बा और सकारात्मक सोच सबसे महत्वपूर्ण है। आप सभी खेल भावना को जीवन में उतारकर निरंतर प्रगति करें।”
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी प्रदान कीं।
बधाइयों की बौछार
ओवरऑल चैंपियनशिप जीतने पर कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे, खेल प्रभारी डॉ. दिनेश पांडे, समस्त वैज्ञानिकों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं ने टीम को बधाई दी।
टीम की इस सफलता में टीम मैनेजर डॉ. (श्रीमती) अर्चना केरकट्टा एवं श्री जितेंद्र चौहान के मार्गदर्शन और मेहनत की भी विशेष सराहना की गई।
उत्कृष्ट आयोजन
समापन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने राजमोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, अंबिकापुर द्वारा प्रतियोगिता के उत्कृष्ट एवं अनुशासित आयोजन की प्रशंसा की। खेल समिति, स्वयंसेवकों एवं आयोजक मंडल के समर्पित प्रयासों से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई।