निर्माणाधीन नाली मे अवैध बेजा कब्जा का आरोप….कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर की कार्रवाई की मांग
बिलासपुर। शांतिनगर सकरी वार्ड नंबर 01 के निवासियों ने सामूहिक आवेदन देकर बताया कि पोस्ट ऑफिस के पास नाली के लिए छोड़ी गई जमीन पर निजी निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण के कारण नाली का मार्ग बाधित हो रहा है। आरोप है की शिव नेताम नामक व्यक्ति द्वारा सीसी रोड को तोड़कर और नाली की ज़मीन पर अतिक्रमण करते हुए मकान का निर्माण कराया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में शासन द्वारा इसी जगह नाली निर्माण की स्वीकृति दी गई थी, ताकि बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। इसके बावजूद नाली की भूमि पर कब्जा कर पक्का मकान खड़ा किया जा रहा है, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या और बढ़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर कब्जा किया जा रहा है, वहीं से पूरे मोहल्ले का मुख्य रास्ता भी गुजरता है। यही मार्ग लोगों के आवागमन का एकमात्र साधन है। रास्ता संकरा होने और निर्माण सामग्री रखे जाने से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को सड़क पार करने में खासा जोखिम उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगो ने बताया की पार्षद अमित भारते ने भी निर्माण रोकने की बात कही लेकिन कब्जाधारी किसी की बात सुनने तैयार नही। यही वजह है की अब इस मामले के निराकरण के लिए स्थानीय निवासी कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।