पुनर्मतगणना के लिए बाबू ने 60 हजार और चुनाव जिताने के नाम पर 10 लाख की मांग

बिलासपुर।बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के भिलमी गांव के एक ग्रामीण ने एसडीएम कार्यालय में पुनर्मतगणना के लिए आवेदन लगाया था, लेकिन अब यह मामला रिश्वतखोरी के आरोपों के कारण चर्चा का विषय बन गया है। आवेदन आगे बढ़ाने के लिए एसडीएम कार्यालय के बाबू द्वारा पहले 60 हजार और बाद में 10 लाख रुपये की मांग किए जाने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, भिलमी निवासी वासुदेव बिजौरे पंचायत चुनाव में महज तीन वोटों से हार गए थे। उन्होंने पुनर्मतगणना की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय में आवेदन दिया,लेकिन आवेदन लंबे समय तक लंबित रहा। ग्रामीण का आरोप है कि जब उन्होंने प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए कार्यालय में संपर्क किया, तो बाबू नरेंद्र कौशिक ने 60 हजार रुपये की मांग की जिसमें 50 हजार ‘साहब’ के लिए और 10 हजार अपने लिए बताए गए। वासुदेव ने इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय में
शिकायत भी की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जब उन्होंने दोबारा बाबू से बात की, तो रकम बढ़कर सीधे 10 लाख रुपये हो गई। ऑडियो में बाबू कथित तौर पर दावा कर रहा है कि पैसे देने पर वह न केवल आवेदन आगे बढ़ा देगा, बल्कि चुनाव भी जिता देगा। पूरी बातचीत ग्रामीण ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है।पीड़ित ने पूरी घटना की जानकारी जिले के कलेक्टर को दी है।और न्याय की गुहार लगाई है।