संविधान दिवस पर भारत माता स्कूल में होप विज्ञान–वाणिज्य प्रदर्शनी का भव्य आयोजन….
80 से अधिक इनोवेशन मॉडल्स की झंकार, अतिथियों को शिक्षा क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान…
बिलासपुर।संविधान दिवस के अवसर पर भारत माता आंग्ल माध्यम शाला में रचनात्मकता और नवाचार का संगम देखने को मिला, जब स्कूल में वार्षिक विज्ञान एवं वाणिज्य प्रदर्शनी होप का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी ने छात्रों को अपनी प्रतिभा और कल्पनाशक्ति को वास्तविक मॉडलों के रूप में प्रस्तुत करने का सशक्त मंच प्रदान किया।
दरअसल भारत माता स्कूल में आयोजित इस प्रदर्शनी का नेतृत्व प्राचार्य फादर सलीन पी ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. तारणिश गौतम, जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे, डॉ. विवेक अंबलकर, डॉ. मनोज सिंह, डॉ. अजय हरित और फादर देवासिया मणिमला उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का शिक्षा क्षेत्र में योगदान हेतु सम्मान भी किया गया। संविधान दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सृजनशीलता, अनुसंधान और नवाचार की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया था, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।समृद्धि और विकसित भारत के लिए नवाचार’ विषय पर आधारित इस प्रदर्शनी में छात्रों ने 80 से अधिक विज्ञान एवं वाणिज्य के मॉडल प्रस्तुत किए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रोजेक्ट्स से लेकर दैनिक जीवन की समस्याओं के तकनीकी समाधान तक, बच्चों ने कई अभिनव मॉडलों से सबका ध्यान खींचा। अतिथियों ने सभी मॉडलों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों की प्रतिभा की खुलकर प्रशंसा की। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसने बच्चों को सीखने के साथ-साथ प्रयोग और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी…..