Blog

कृषि महाविद्यालय बिलासपुर में किया गया राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस का आयोजन

एनसीसी इकाई की पहल

बिलासपुर, 02 दिसंबर 2025।
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर की एनसीसी इकाई द्वारा आज राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी प्रभारी विनोद कुमार निर्मलकर द्वारा की गई। उन्होंने राष्ट्रीय प्रदूषण नियंत्रण दिवस के इतिहास, उद्देश्य और वर्तमान वैश्विक पर्यावरणीय चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को प्रदूषण के हर रूप—वायु, जल, ध्वनि और मृदा—के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने छात्रों को व्यक्तिगत और सामूहिक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकारी नीतियों या अभियानों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सहभागी भूमिका आवश्यक है। उन्होंने महाविद्यालय में संचालित पर्यावरणीय गतिविधियों एवं सतत कृषि पद्धतियों की जानकारी देते हुए छात्रों को शोध एवं नवाचार के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने हेतु प्रेरित किया।

इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय, लोरमी-मुंगेली के अधिष्ठाता डॉ. एस.एल. स्वामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदूषण वैश्विक संकट का रूप ले चुका है और इसे रोकने के लिए हमें प्रकृति के प्रति संवेदनशील होना पड़ेगा। उन्होंने युवाओं को पर्यावरण-हितैषी जीवन शैली अपनाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का संदेश दिया।

एनसीसी कैडेट परिधि मकाडे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्मनिरीक्षण का अवसर है। उन्होंने युवाओं के बीच प्लास्टिक-मुक्त परिसर, वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता को आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में एनसीसी कैडेट्स द्वारा परिसर में स्वच्छता अभियान एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने “स्वच्छ हवा – स्वस्थ जीवन”, “प्रदूषण मुक्त भारत” जैसे संदेशों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन एनसीसी इकाई द्वारा किया गया और इसमें महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *