Blog

ढेंका पेपर मिल के पास पेट्रोल पंप मैनेजर की आंख में मिर्ची पाउडर डालकर लूट का प्रयास…आरोपियों से मुकाबला कर बचाई रकम

बिलासपुर – तोरवा क्षेत्र स्थित कनोई पेपर मिल के पास सोमवार रात पेट्रोल पंप के मैनेजर से लूट का प्रयास किया गया। बाइक से घर लौट रहे मैनेजर की आंखों में बदमाशों ने मिर्ची पाउडर डाल दिया, लेकिन मैनेजर की सूझबूझ और बहादुरी के कारण आरोपीयो की कोशिश नाकाम रही, जिसके बाद आरोपी भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार ढेका स्थित राहुल पेट्रोल पंप के मैनेजर रोशन साहू 50 वर्ष सोमवार रात करीब 10 बजे दिनभर की बिक्री की राशि लेकर मालिक के घर जा रहे थे। जैसे ही वे कनोई पेपर मिल के पास पहुंचे, पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया। अचानक हुए हमले से वे हड़बड़ा गए और आंखों में तीव्र जलन के बीच किसी तरह बाइक को सड़क किनारे खड़ा किया। इसी दौरान दो युवक उनकी तरफ दौड़ते हुए आए, लेकिन मैनेजर ने हिम्मत नहीं हारी और धुंधली नजर के बीच ही उनसे भिड़ गए। मुख्य मार्ग पर हो रही यह घटना देखकर कुछ लोग घटनास्थल की ओर आने लगे। लोगों को आता देख बदमाश घबरा गए। इधर मैनेजर भी पूरी ताकत से मुकाबला कर रहे थे। दोनों स्थितियों से डरकर आरोपी अपनी बाइक से तुरंत मौके से फरार हो गए। मैनेजर ने सड़क पर गुजर रहे लोगों की सहायता से बस्ती पहुंचकर घटना की जानकारी पेट्रोल पंप मालिक को दी। सूत्रों के अनुसार मैनेजर करीब 15 लाख रुपये की नगदी लेकर जा रहे थे। आशंका है कि बदमाश उनकी गतिविधियों पर कई दिनों से नजर रखे हुए थे और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। फिलहाल तोरवा पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *