रोज़ी-रोटी की लड़ाई लड़ रहे छोटे व्यापारी परेशान….समाजसेवी विजय दुबे हड़ताल पर

बोले हमारी आवाज़ नहीं सुनी गई, तो भूख हड़ताल ही हमारा आख़िरी रास्ता होगा
बिलासपुर।शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। सड़क पर दुकान लगाकर व्यापार करने वालों को हटाया जा रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को छोटे व्यापारी विजय दुबे ने कलेक्टर कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू किया।
विजय दुबे ने आरोप लगाया कि नगर निगम बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के सामान जब्त कर रही है। उन्होंने कहा कि वे जैसे छोटे व्यापारी चार–पांच हजार रुपये का व्यापार कर रोज की बिक्री से ही अपने परिवार का खर्च चलाते हैं। ऐसे में यदि निगम उनका सामान उठा लेती है, तो उनके सामने रोजीरोटी का संकट खड़ा हो जाता है।दुबे का कहना है कि उन्हें न तो स्थायी जगह दी जा रही है और न ही पुनर्वास की कोई योजना बताई जा रही है। इसके बावजूद निगम लगातार कार्रवाई कर रही है, जिससे उनका कारोबार पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने इसे गरीब व्यापारियों के साथ सीधा अन्याय बताया।
अपनी आवाज उठाने के लिए विजय दुबे ने तीन दिनों तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन उनके अस्तित्व और जीविका की लड़ाई है, जिसे वे पीछे हटकर नहीं छोड़ सकते।
विजय दुबे ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के प्रदर्शन के बाद भी उनकी बात नहीं सुनी गई, तो चौथे दिन से वे नगर निगम कार्यालय के बाहर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। अब देखना यह होगा कि नगर निगम इस पूरे मामले को किस गंभीरता से लेता है और छोटे व्यापारियों की परेशानियों का समाधान कैसे करता है।