मनेन्द्रगढ़ में पकड़े गए मादा भालू और उसके शावक, लोगों ने ली राहत की सांस

एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। पिछले कई महीनों से मनेन्द्रगढ़ नगर और आसपास के इलाकों में मादा भालू अपने शावकों के साथ लगातार घूम रही थी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था। भालू द्वारा कुछ लोगों पर हमले की घटनाएं सामने आने के बाद वन विभाग ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई तेज की।

वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में बुधवार तड़के मादा भालू के दोनों शावक फंस गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शावकों को पिंजरे सहित सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद मादा भालू को ट्रेंक्यूलाइज कर सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया।
इस पूरी कार्रवाई को वन विभाग और कानन पेंडारी से आई विशेषज्ञ टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। वन अधिकारियों के अनुसार, मादा भालू और उसके दोनों शावकों को अब एक सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।
मादा भालू और शावकों के पकड़े जाने से मनेन्द्रगढ़ नगर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से बनी दहशत अब खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है।