Blog

बोरे में बंद महिला की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, लीव-इन पार्टनर, भाई और साथी गिरफ्तार

दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में बोरे में बंद महिला का शव मिलने के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या उसके साथ लीव-इन में रह रहे युवक ने अपने भाई और एक साथी के साथ मिलकर की थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

13 दिसंबर 2025 की सुबह चन्द्रा मौर्या टॉकीज अंडर ब्रिज के पास नाले में बोरे में बंद महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। थाना सुपेला में मर्ग क्रमांक 143/25 एवं बीएनएस की धारा 103 और 238 के तहत मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मीडिया और सोशल मीडिया में आई खबरों के आधार पर 17 दिसंबर को कृष्णा नगर सुपेला निवासी आमरौतिन निर्मलकर ने शव की पहचान आरती उर्फ भारती निर्मलकर के रूप में की। पुलिस ने बताया कि मृतिका पिछले 4–5 महीनों से कोसानगर सुपेला में तुला राम बंजारे के साथ लीव-इन में रह रही थी।

पूछताछ में मुख्य आरोपी तुला राम बंजारे ने कबूल किया कि 5 दिसंबर को शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान उसने आरती का सिर दीवार से पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को रस्सी से बांधकर बोरे में भर दिया गया और भाई गोवर्धन बंजारे व साथी शक्ति भौयर की मदद से ऑटो में ले जाकर नाले में फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के घर से घटना से जुड़े सबूत भी जब्त किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी तुला राम बंजारे पूर्व में हत्या और मारपीट के मामलों में जेल जा चुका है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों—तुला राम बंजारे, गोवर्धन बंजारे और शक्ति भौयर—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *