नेशनल हाईवे पर चलती ट्रक में लगी भीषण आग, जलकर हुई खाक

बिलासपुर-जांजगीर नेशनल हाइवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आयरन सामग्री लेकर आ रही एक चलती ट्रक में अचानक जोरदार ब्लास्ट के बाद आग लग गई। कुछ ही पलों में ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गई।
ब्लास्ट इतना तेज था कि आसपास से गुजर रहे वाहन चालक घबरा गए और अपने वाहन रोककर दूर हट गए। आग लगते ही ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक और उसमें लदा आयरन पूरी तरह जल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या ब्लास्ट को वजह माना जा रहा है।