Blog

मेडिकल कॉलेज में गुंडागर्दी का मामला आया सामने, इंटर्नशिप कर रही छात्रा को टेक्नीशियन ने पीटा

मेडिकल कॉलेज में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। सिम्स के रेडियोलॉजी विभाग के टेक्नीशियन ने इंटर्नशिप कर रही छात्रा की पिटाई कर दी। वही प्रबंधन से छात्रा की शिकायत के बावजूद अब तक दोषी टेक्नीशियन पर कोई कार्यवाही नहीं की जा सकी है।

बिलासपुर। सिम्स अस्पताल में गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। जहां इंटर्नशिप कर रही छात्रा को टेक्नीशियन ने पीट दिया। खास बात यह है कि छात्रा से मारपीट के मामले में दोषी टेक्नीशियन पर अब तक सिम्स प्रबंधन ने कोई कार्यवाही नहीं की है। जिससे इंटर्न विद्यार्थियों में नाराजगी देखी जा रही है।

सिम्स प्रबंधन में लगातार कोई न कोई विवाद सामने आ रहा है। पहले यहां एक पीजी छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। जिसमें एचओडी डॉक्टर पंकज टेंभूर्णीकर पर आरोप लगे थे। पर सिम्स प्रबंधन कोई कार्यवाही करने की बजाय उल्टा छात्रा को ही शिकायत वापस लेने धमका रहा था। छात्रा के द्वारा आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को शिकायत करने और हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने के बाद आरोपी डॉक्टर पंकज टेंभूर्णीकर को चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यहां से हटा कर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजने का आदेश जारी किया।

इसी तरह का अब एक और मामला सामने आया है। जिसमें सिम्स में इंटर्नशिप कर रही छात्रा को रेडियोलोजी विभाग के टेक्नीशियन मनीष कुमार सोनी ने पीट दिया। पूरी घटना कल शुक्रवार दोपहर की है। मिली जानकारी के अनुसार मनीष कुमार सोनी और छात्रा के बीच कुछ पुराना विवाद था। कल छात्रा दोपहर को अपने इंटर्न कामों में व्यस्त थी, इसी दौरान मनीष कुमार सोनी वहां पहुंचा। पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच पहले हल्की कहा–सुनी हुई जो विवाद में बदल गई। जिसके बाद आक्रोशित होकर टेक्नीशियन मनीष कुमार सोनी ने छात्रा की थप्पड़ों से पिटाई कर दी। छात्रा को टेक्नीशियन ने कई थप्पड़ दिए।

छात्रा को इस तरह के किसी हरकत की उम्मीद नहीं थी, इसलिए वह हथप्रभ रह गई। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोग भी अवाक रह गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को समझने और बीच–बचाव करने का मौका नहीं मिला। सबके सामने थप्पड़ों से मारपीट से मानसिक रूप से आहत छात्रा ने सिम्स के डीन और मेडिकल सुप्रोडेंटेड को घटना की शिकायत की। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में सिम्स प्रबंधन में 1 घंटे तक के बैठक भी किया पर बावजूद इसके कोई भी कार्यवाही अब तक दोषी रेडियोलोजी विभाग के टेक्नीशियन मनीष कुमार सोनी पर नहीं किया है, जिससे छात्रा के अलावा अन्य इंटर्न छात्र– छात्राओं तथा मेडिकल छात्र–छात्राओं में आक्रोश है।

बता दे सिम्स प्रबंधन लगातार घटनाओं से विवादों में रहता है, वह अपने दोषी कर्मचारी और प्रोफेसर पर कार्रवाई भी नहीं करता। जिसका ताजा उदाहरण एचओडी पंकज टेंभूर्णीकर का है। छात्रा से छेड़छाड़, अश्लील मैसेज भेजना, धमकी देना और यौन उत्पीड़न के आरोपी एचओडी पर सिम्स प्रबंधन और उसकी विशाखा कमेटी ने कोई कार्यवाही नहीं की थी। हाईकोर्ट में मामला जाने के बाद शासन स्तर पर कार्रवाई हो सकी थी। इसके अलावा सिम्स से एमबीबीएस करके जा चुकी एक छात्रा एक शादी अटेंड करने के लिए बिलासपुर आई थी और रात सिम्स में रुकी थी। इसी दौरान छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इन सब घटनाओं से सिम्स प्रबंधन की खामियां अक्सर सामने आती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *