मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रापर्टी डीलर को कार चालक ने जानबूझकर मारी टक्कर, वीडियो आया सामने
मॉर्निंग वॉक पर निकले प्रापर्टी डीलर को तेज रफ्तार कार ने जानबूझकर ठोकर मार दी। घटना का सीसीटीवी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिलासपुर। मार्निंग वाक पर निकले युवक को तेज रफ्तार कार के ड्राइवर ने पीछे से टक्कर मारकर हत्या का प्रयास किया। इसके बाद कार का ड्राइवर वहां से भाग निकला। घटना मंगलवार की सुबह की है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का एक वीडियो सामने आया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच के बाद धाराएं बढ़ाए जाने की बात कह रही है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
उसलापुर के प्रकृति विहार में रहने वाले रवि सिंह ठाकुर(39) प्रापर्टी डिलिंग का काम करते हैं। मंगलवार 23 दिसंबर की सुबह वे मार्निंग वाक पर निकले थे। इस दौरान उन्होंने अपने दोस्त यजुर तिवारी को मोबाइल पर काल कर स्मार्ट रोड की ओर बुलाया था। रवि मोबाइल पर अपने दाेस्त से बात कर ही रहे थे। तभी पीछे से आ रही कार के ड्राइवर ने उन्हें टक्कर मार दिया। युवक को टक्कर मारने के बाद कार का ड्राइवर तेजी से भाग निकला। इधर मोबाइल से बातचीत बंद होने और शोर सुनकर रवि का दोस्त तत्काल मौके पर पहुंचा। उसने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी फुटेज़ आया सामने:–
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि कार के ड्राइवर ने रवि की हत्या का प्रयास करते हुए टक्कर मार दी। इसके बाद वह कार को तेजी से चलाते हुए भाग निकला। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की ओर से जांच के बाद धाराएं बढ़ाने की बात कह रही है।
कार मालिक की हुई पहचान, ड्राइवर की चल रही तलाश:–
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद कार की पहचान कर ली गई है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कार मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। कार मालिक से पूछताछ के बाद ड्राइवर की पहचान होगी। इसके आधार उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। बताया जाता है कि कार मालिक शहर का चर्चित व्यवसायी है। कार व्यवसायी का बेटा चला रहा था। चर्चा है कि कार चला रहे युवक के साथ एक युवती भी थी। कार में मस्ती के दौरान राह चलते युवक को जानबुझकर टक्कर मारने के बाद वे लोग भाग निकले।
मामले में सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि हादसे शिकायत पर जुर्म दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटनाकारित कार की पहचान की जा चुकी है। कार मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार आगे की कार्रवाई की जाएगी।