प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे निगम कमिश्नर,समस्या ठीक होने तक पानी के सुचारू आपूर्ति के निर्देश

बिरकोना स्थित अमृत मिशन के प्लांट में आई है तकनीकी समस्या,मरम्मत जारी
सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा,नाली जाम करने वाले व्यापारियों पर जुर्माने का निर्देश
बिलासपुर- अमृत मिशन के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आई तकनीकी खराबी के कारण वार्डों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पानी की आपूर्ति की जा रही है,जिसका जायजा आज निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने लिया। निगम कमिश्नर सर्वे ने व्यापार विहार,भारतीय नगर और तालापारा क्षेत्रों का दौरा किया और वैकल्पिक व्यवस्था के तहत किए जा रहे पानी सप्लाई को दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।

दरअसल अमृत मिशन योजना के तहत अशोक नगर-बिरकोना में बनाए गए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 31 दिसंबर की रात को तकनीकी समस्या आ गई,जिसके बाद पानी टंकी में सप्लाई होने वाली व्यवस्था बाधित हो गई है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नगर निगम द्वारा पानी टंकियों को बोर के माध्यम से भरा जा रहा है,इसके अलावा आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से भी पानी की व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने जोन और जल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वाटर प्लांट में की समस्या जब तक ठीक नहीं कर ली जाती तब तक पानी की सुचारू आपूर्ति होनी चाहिए। इसके बाद निगम कमिश्नर ने व्यापार विहार मुख्य मार्ग, तालापारा और मगरपारा क्षेत्र में सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया। व्यापार विहार मुख्य मार्ग में जाम नाली को देखकर नाराजगी जताया और नाले में प्लास्टिक वेस्ट को डालने वाले व्यापारियों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम कमिश्नर सर्वे ने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति पत्रक को देखा और अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन में कटौती के भी निर्देश दिए।