मानसी एवं बेदराम करेंगे राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

कृषि महाविद्यालय बिलासपुर की गौरवपूर्ण उपलब्धि
बिलासपुर — बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि महाविद्यालय की होनहार छात्रा कु. मानसी चंद्राकर एवं छात्र बेदराम वर्मा का चयन राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने हेतु किया गया है। दोनों विद्यार्थी छत्तीसगढ़ से चयनित 75 सदस्यीय युवा दल का हिस्सा होंगे, जो राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की प्रतिभा, विचार और सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करेगा।
चयनित 75 युवाओं में से 45 युवा ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’, 01 युवा ‘डिज़ाइन फॉर भारत’ तथा 29 युवा सांस्कृतिक ट्रैक्स के माध्यम से सम्मिलित किए गए हैं। यह चयन प्रक्रिया राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं की नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, सामाजिक प्रतिबद्धता और सांस्कृतिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए की गई है।
राष्ट्रीय युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले इन चयनित युवाओं के सम्मान में दिनांक 6 जनवरी 2026 को सायं 5:30 बजे माननीय मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में एक भव्य सेंड-ऑफ सेरेमनी का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी, माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। आयोजन में सभी चयनित कलाकारों एवं प्रतिभागियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई है।

सेंड-ऑफ सेरेमनी के दौरान चयनित युवाओं को विशिष्ट अतिथियों से संवाद एवं मार्गदर्शन का अवसर प्राप्त होगा, जिससे उनका आत्मविश्वास और प्रेरणा दोनों सुदृढ़ होंगे। कार्यक्रम उपरांत प्रतिभागियों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था आयोजन स्थल पर ही की गई है। साथ ही, दूरस्थ स्थानों से आने वाले प्रतिभागियों हेतु रात्रि विश्राम की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसके पश्चात 07 जनवरी 2026 को प्रातः 7:00 बजे छत्तीसगढ़ राज्य की पूरी टीम गोंडवाना एक्सप्रेस के माध्यम से नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेगी, जहां राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन होगा।
छत्तीसगढ़ राज्य की टीम के राष्ट्रीय युवा महोत्सव में सफल सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु सुश्री सुधा कुमार, वरिष्ठ खेल अधिकारी को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि श्री डीकेश्वर एवं श्री दिनेश जांगड़े को सहायक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कु. मानसी चंद्राकर एवं बेदराम वर्मा की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता, समस्त प्राध्यापकगण, वैज्ञानिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं तथा राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह उपलब्धि न केवल महाविद्यालय बल्कि संपूर्ण छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का विषय है, जो प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता को राष्ट्रीय मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करेगी।