दिल्ली में छत्तीसगढ़ के विकास की गूंज, केंद्रीय बजट 2026-27 से जुड़ी तीन बड़ी मांगें रखीं
रेल, उद्योग और हवाई कनेक्टिविटी से छत्तीसगढ़ को मिलेगी नई रफ्तार
बिलासपुर ।केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने आगामी केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने छत्तीसगढ़ के आर्थिक, औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के समग्र विकास के लिए तीन प्रमुख परियोजनाओं के प्रस्ताव सौंपे और उन्हें बजट में शामिल करने का आग्रह किया।बैठक के दौरान सबसे पहले कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन को 100 प्रतिशत केंद्र पोषित परियोजना के रूप में स्वीकृति देने की मांग रखी गई। यह रेल मार्ग कोरबा कोयला क्षेत्र से पश्चिमी भारत तक खनिज परिवहन को सशक्त करेगा और ऊर्जा सुरक्षा की दृष्टि से अहम भूमिका निभाएगा।
दूसरी महत्वपूर्ण मांग बिलासपुर में रेल वैगन निर्माण कारखाने की स्थापना को लेकर रही। भिलाई इस्पात संयंत्र की निकटता के चलते यह परियोजना किफायती होने के साथ-साथ प्रदेश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन का माध्यम बनेगी।तीसरे प्रस्ताव में बिलासपुर हवाई अड्डे के विस्तार और आधुनिकीकरण की मांग की गई, ताकि A320 और बोइंग 737 जैसे बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके।श्री साहू ने इन परियोजनाओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘गति शक्ति’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन से जोड़ते हुए प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला बताया। वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।