चार साल का इंतज़ार खत्म, बिलासा एयरपोर्ट विस्तार को मिली हरी झंडी…

50 करोड़ 64 लाख जमा,रनवे विस्तार का काम जल्द होगा शुरू….
बोइंग जैसे बड़े विमान उतरेंगे बिलासपुर में
रनवे बढ़ेगा,बनेगा आधुनिक टर्मिनल….
बिलासपुर ।चार वर्षों से अटका बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट विस्तार अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। बिलासपुर के लिए यह खबर किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। चकरभाठा स्थित एयरपोर्ट के विस्तार के लिए सेना के कब्जे वाली लगभग 290 एकड़ जमीन को लेकर चल रही लंबी प्रक्रिया अब लगभग पूरी हो चुकी है।
दरअसल राज्य सरकार ने केंद्र सरकार के खाते में 50 करोड़ 64 लाख रुपये की राशि जमा कर दी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट विस्तार का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। जमीन हस्तांतरण की औपचारिकताएं पूरी होते ही रनवे विस्तार और आधारभूत संरचना विकास का कार्य शुरू किया जाएगा।इस परियोजना के तहत बड़े विमानों की लैंडिंग को ध्यान में रखते हुए रनवे की लंबाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही बी-श्रेणी के आधुनिक टर्मिनल भवन, यात्रियों की सुविधाओं और अन्य आवश्यक ढांचों का निर्माण भी किया जाएगा।बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने इस प्रगति को शहर के लिए ऐतिहासिक बताया है। उनका कहना है कि वर्षों से चली आ रही जनभावना अब साकार होती दिख रही है। एयरपोर्ट विस्तार से बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।विधायक के अनुसार, रनवे विस्तार के बाद बोइंग जैसे बड़े विमान भी बिलासपुर में उतर सकेंगे। इससे हवाई यातायात में बढ़ोतरी होगी और व्यापार, उद्योग, निवेश के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसका सीधा लाभ पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मिलेगा।बिलासपुर की जनता लंबे समय से बेहतर एयर कनेक्टिविटी की मांग कर रही थी। उड़ान योजना के तहत शुरू हुई उड़ानों के बाद अब नियमित बड़े विमानों की सेवाएं भी संभव होंगी।इसके साथ ही बिलासा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा की प्री-कमीशनिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। डीजीसीए से अंतिम स्वीकृति मिलते ही फरवरी–मार्च तक रात्रिकालीन उड़ानें शुरू होने की संभावना है।रक्षा मंत्रालय, केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से अब एयरपोर्ट विस्तार की सबसे बड़ी बाधा दूर हो चुकी है। आने वाले समय में बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, बिलासपुर को एक मजबूत रीजनल एविएशन हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा।