गंगानगर में जल निकासी की समस्या बनी मुसीबत, समाधान को लेकर असमंजस
क्षेत्रवासियों ने विधायक के सामने रखी अपनी समस्या जल्द निजात का भरोसा
बिलासपुर ।गंगानगर के रहवासी बीते कई वर्षों से गंभीर जल निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। क्षेत्र में समुचित नालियों की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश हो या सामान्य दिन, सड़क और गलियों में हमेशा जलजमाव की स्थिति बनी रहती है। इससे न सिर्फ आवागमन बाधित होता है, बल्कि मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।शनिवार को जब क्षेत्रीय विधायक गंगानगर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, तो स्थानीय महिलाओं ने उन्हें जलजमाव की विकराल समस्या से अवगत कराया। मौके पर चर्चा के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया कि सड़क किनारे जिन लोगों ने बेजा कब्जा कर रखा है, उन्हें हटाकर नाली निर्माण किया जाए ताकि पानी की बेहतर निकासी संभव हो सके। हालांकि, इस प्रस्ताव का कुछ क्षेत्रवासियों ने विरोध किया। उनका कहना है कि कब्जा हटाने के बजाय प्रशासन अपनी योजना के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था कर समस्या का समाधान करे।वहीं, क्षेत्र के पार्षद का दावा है कि जल निकासी की समस्या को लेकर एक ठोस योजना तैयार कर ली गई है और जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। अब देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कब तक गंगानगर के लोगों को इस पुरानी समस्या से राहत दिला पाते हैं।