अचानकमार टाइगर रिज़र्व में वन्यजीव सुरक्षा पर विधायक धर्मजीत सिंह सख्त
बिना अनुमति हथियार लेकर घूमने वालों पर कार्रवाई के निर्देश
बिलासपुर।तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने अचानकमार टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भले ही फिलहाल शिकार की कोई घटना सामने नहीं आई हो, लेकिन जंगलों में बिना अनुमति हथियार लेकर घूम रहे असामाजिक तत्वों पर तत्काल सख्ती जरूरी है। इसी को लेकर उन्होंने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं।
दरअसल विधायक धर्मजीत सिंह ने पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ अरुण कुमार पांडेय, सीसीएफ अभिषेक सिंह, एटीआर के फील्ड डायरेक्टर यू.आर. गणेश और बिलासपुर सीसीएफ मनोज पांडेय को निर्देश दिए कि अचानकमार टाइगर रिज़र्व की पिछली सीमा से लगे खुडिया, वरापानी, मजुरहा, जमनाही और जकड़ बांधा क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि जंगल में बिना अनुमति हथियार लेकर अनावश्यक रूप से घूमने वालों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।विधायक ने बिलासपुर सीसीएफ को निर्देशित किया कि इन संवेदनशील इलाकों में स्थानीय स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएँ और नियमित पेट्रोलिंग कराई जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन्यजीवों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस पूरे मामले में पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ अरुण कुमार पांडेय ने कहा कि अचानकमार टाइगर रिज़र्व से जुड़े पुराने वीडियो और उस पर हुई कार्रवाई को लेकर विभाग ने पूरी गंभीरता से कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसी मामले में आरोपी सामने नहीं आता है, तो उसकी अनुपस्थिति में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है और पंचनामा तैयार कर वैधानिक प्रक्रिया अपनाई जाती है।
पीसीसीएफ अरुण कुमार पांडेय ने सोशल मीडिया पर लगाए गए मिलीभगत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अधिकारियों की मिलीभगत की कोई गुंजाइश नहीं है। हालांकि, लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने बताया कि लापरवाही बरतने पर गेटमैन को बर्खास्त किया गया है, दो डिप्टी रेंजर्स के खिलाफ कार्रवाई की गई है और रेंजर को नोटिस जारी किया गया है। आने वाले समय में संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग और तेज कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।