एसआईआर में लगे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-बीएलओ का मानदेय काटने पर आक्रोश,
तहसीलदार से की भुगतान की मांग
बिलासपुर।
विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के तहत निर्वाचन कार्य में लगाए गए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-बीएलओ का नवंबर 2025 का मानदेय काटे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में समस्त बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार सीपत को लिखित आवेदन देकर कटा हुआ मानदेय दिलाने की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नवंबर 2025 में एसआईआर के तहत बी.1 प्रपत्र संबंधी कार्य सभी बीएलओ को सौंपा गया था, जिसे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने समयसीमा के भीतर पूर्ण किया। निर्वाचन कार्य में लगे होने के कारण महिला एवं बाल विकास विभाग से संबंधित आंगनबाड़ी कार्य प्रभावित हुआ, जिसके चलते विभाग द्वारा उनका मानदेय काट दिया गया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि निर्वाचन कार्य शासकीय दायित्व की श्रेणी में आता है और आयोग के आदेश पर किए गए कार्य के कारण मानदेय काटना अनुचित है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित हुआ है।
समस्त बीएलओ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार से आग्रह किया है कि नवंबर 2025 में काटे गए मानदेय का भुगतान शीघ्र दिलाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए।
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी देखी जा रही है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कार्यकर्ताओं द्वारा आगे सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों तक शिकायत करने की तैयारी की जा रही है।