Blog

बिलासपुर में 30 जनवरी से होगी छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय स्वर्ण कप आमंत्रण ताइक्वांडो प्रतियोगिता

प्रदेश भर से जुटेंगे सैकड़ों खिलाड़ी, खेल प्रेमियों में उत्साह

बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ में ताइक्वांडो खेल को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय स्वर्ण कप आमंत्रण ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन 30 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक बिलासपुर में किया जा रहा है।यह प्रतियोगिता इंडोर स्टेडियम स्व. बी आर यादव राज्य खेल प्रशिक्षण संस्थान बाहतराई मे होंगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 जिलों से 550 पुरुष एवं महिला खिलाड़ी एवं अधिकारीगण भाग लेंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ बिलासपुर एवं जिला ताइक्वांडो संघ, बिलासपुर के सयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 5 वर्ग समूहों फ्रेशर, सब जूनियर, कैडेट, जूनियर बालक/ बालिका एवं सीनियर महिला/पुरुष वर्गों मे आयोजित होंगी। जिसमें खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ राज्य ताइक्वांडो संघ बिलासपुर के महासचिव श्री रामपुरी गोस्वामी ने जानकारी दी कि आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। खिलाड़ियों के लिए आधुनिक खेल सुविधाएँ, योग्य रेफरी, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक, रजत पदक, कास्य पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु माननीय कलेक्टर महोदय, बिलासपुर का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है जिससे आयोजन को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है। प्रतियोगिता में एसईसीएल कि भी सहभागिता रहेगी, जिससे खेल को और भी प्रोत्साहन मिलेगा। राज्य ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष श्री मनोज भिवगड़े एवं आयोजन समिति अध्यक्ष रामदेव कुमावत का भी सहयोग निरंतर जारी है
राज्य ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष मनोज भिवगड़े ने बताया कि ताइक्वांडो जैसे मार्शल आर्ट खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बल्कि आत्मरक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास को भी बढ़ावा देते हैं। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश को भविष्य के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मिलने की उम्मीद है।
बिलासपुर में आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन समिति ने शहरवासियों, खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *