रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर राइस मिल में छापा, 56 हजार से अधिक बोरी धान जब्त
रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर श्री हरि राइस मिल में खाद्य विभाग का छापा,जिले में राइस मिलों और बिचौलियों पर प्रशासन की कड़ी नजर
जांजगीर ।जिले में अवैध धान भंडारण और धान खरीदी में हो रही अनियमितताओं पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खाद्य विभाग द्वारा एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।इसी क्रम में विकासखंड नवागढ़ के ग्राम पंचायत नेगुरडीह स्थित श्री हरि राइस मिल में खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान राइस मिल के प्रोपराइटर श्री झामलाल साहू मौके पर उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के समय मिल के रिकॉर्ड संधारण में गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं, वहीं मिल संचालन में भी अनियमितता पाई गई।जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच के उपरांत राइस मिल से कुल 56 हजार 417 बोरी धान जब्त की गई, जिसका कुल वजन 22 हजार 566 दशमलव 80 क्विंटल है। जब्त धान को नियमानुसार सुरक्षित रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।जिले में किसी भी कीमत पर अवैध धान को समिति के माध्यम से खपाने नहीं दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से राजस्व, खाद्य, मंडी एवं सहकारिता विभाग की संयुक्त उड़नदस्ता टीम गठित कर लगातार निगरानी की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए नियमित सत्यापन के साथ-साथ आकस्मिक छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।