स्पा संचालक की आईजी के पास शिकायत के साथ वायरल हुआ वीडियो…पूर्व एडिशनल एसपी पर डराने-धमकाने और पैसे मांगने का आरोप

स्पा संचालक ने कर दिया पुलिस अफसर का स्टिंग ऑपरेशन
वाट्सअप कॉलिंग का स्क्रीन शॉट भी आया सामने
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में संचालित एक पंजीकृत वेलनेस स्पा को लेकर उठा विवाद अब महज लिखित शिकायत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। स्पा संचालक ने आईजी को दी गई शिकायत के साथ एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें बिलासपुर शहर के पूर्व एडिशनल एसपी राजेंद्र जायसवाल कथित तौर पर प्रार्थी को डराते-धमकाते और पैसे की मांग करते नजर आ रहे हैं।

दरअसल शिकायतकर्ता लोकेश सेन का आरोप है कि उनका स्पा पूरी तरह से नियमों, पंजीकरण और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत संचालित है। इसके बावजूद सिविल लाइन थाना के कुछ पुलिसकर्मी चेकिंग के नाम पर बार-बार स्पा पहुंचकर मानसिक दबाव बनाते रहे और मासिक अवैध वसूली की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर कर्मचारियों और ग्राहकों के सामने अनावश्यक पूछताछ कर प्रतिष्ठान को बदनाम करने का प्रयास किया गया। बाकायदा इसका स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो भी अब जमकर वायरल हो रहा है।इस मामले में नया मोड़ तब आया जब शिकायत के साथ वायरल हुए वीडियो में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी,जिन पर कानून लागू कराने की जिम्मेदारी होती है, खुद प्रार्थी से पैसे की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सवाल यह उठ रहा है कि अगर कानून के रक्षक ही कानून की सीमाएं लांघने लगें, तो आम नागरिक आखिर न्याय की उम्मीद किससे करे। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम से न केवल उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि उनके व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने आईजी बिलासपुर से निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों और अधिकारियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में चेकिंग शब्द को वसूली का पर्याय न बनाया जा सके।
शिकायतकर्ता ने जारी किया वीडियो और काल डिटेल के साथ शिकायत पत्र
शिकायकर्ता ने एएसपी राजेंद्र जायसवाल से वाट्सअप काल का भी स्क्रीन शॉट मीडिया से साझा करते हुए इंसाफ की गुहार लगाई है। शिकायत करने वाले आईजी के पास आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।जिसमें उन्हों यह तक कहा है कि शिकायत की बारीकी से जांच करे और उचित कार्रवाई करे।ताकि न्याय मिल सकें।
पुलिस अधिकारी के नाम पर बाजार हुआ गर्म
एएसपी पर लगे गंभीर आरोप के बाद अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है और चर्चा होने लगी है।
जिसको लेकर हर कोई अपनी अपनी बातें कहने लगा है।
किसी ने पुलिस को कानून का रक्षक और भक्षक बनकर वसूली करने की बात कही है तो किसी ने यह कहा कि अवैध वसूली करने वाले बहुत देर बाद शिकायत किया है।शिकायत पहले करना था।
पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे
इस गंभीर मामले में आईजी ने फोन नहीं उठाया और संपर्क नहीं हुआ,जबकि अन्य अधिकारी इसमें कुछ भी कहने से बच रहे है।वही जीपीएम गए एएसपी राजेंद्र जायसवाल का भी फोन नहीं लगा,नेटवर्क से बाहर बताया,इसलिए उनका पक्ष जान नहीं सके।