Blog

सिरगिट्टी गौठान में लापरवाही का आरोप, गाय व बछड़े की मौत से आक्रोश

बिलासपुर। सिरगिट्टी स्थित गौठान में एक गाय और एक बछड़े की मौत हो जाने से गौसेवकों में भारी नाराजगी देखी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गौसेवक मौके पर पहुंचे और नगर निगम व संबंधित अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। गौसेवकों का कहना है कि गौठान में बीमार और कमजोर पशुओं के इलाज के लिए कोई स्थायी पशु चिकित्सक तैनात नहीं है, जिसके कारण लगातार पशुधन को नुकसान उठाना पड़ रहा है गौसेवकों ने बताया कि गौठान में कई पशु बीमार अवस्था में हैं,लेकिन समय पर उपचार नहीं हो पाने के कारण उनकी हालत बिगड़ती जा रही है। आज इलाज के अभाव में एक गाय और एक बछड़े की मौत हो गई,जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस गंभीर स्थिति के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी खुलकर कुछ कहने या समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है। मामले में गौसेवक सूरज सिंह ने बताया कि इससे पहले भी कई बार निगम अधिकारियों से गौठान में पशुओं की उचित देखरेख और पशु चिकित्सक की व्यवस्था करने का निवेदन किया गया था। उन्होंने कहा कि पर्याप्त देखभाल नही होने के कारण पहले भी कई पशुओं की जान जा चुकी है, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।उन्होने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में किसी भी पशु की जान न जाए इसके लिए सिरगिट्टी गौठान में तत्काल वैकल्पिक रूप से पशु चिकित्सक की नियुक्ति कराना चाहिए।साथ ही पशुओं के लिए हरे चारे,स्वच्छ पानी और नियमित इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि नगर निगम उचित सहयोग नहीं कर पाती है तो गौसेवकों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। गौसेवकों ने कहा कि वे निगम के साथ मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए गौठान में मौजूद पशुओं की पूरी देखभाल करने को तैयार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *