धान खरीदी की लिमिट बनी किसानों की मुश्किल, मंडियों में हाहाकार….

समय कम, परेशानी ज्यादा-धान खरीदी को लेकर किसान परेशान….
मेहनत की फसल बेचने को तरसते किसान..
बिलासपुर।जिले में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर किसानों की परेशानी सामने आई है। जिले की कई मंडियों के अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्रों की लिमिट कम होने के कारण किसानों को अपनी मेहनत की उपज बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धान खरीदी की समय-सीमा अब नजदीक है, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान अब तक अपना धान नहीं बेच पाए हैं।
दरअसल ग्रामीण इलाकों से आए किसानों का कहना है कि खरीदी केंद्रों में निर्धारित लिमिट पूरी हो जाने के कारण उनके टोकन नहीं कट पा रहे हैं। सुबह से लेकर शाम तक किसान खरीदी केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बिना धान बेचे ही उन्हें घर लौटना पड़ रहा है। इससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे समय रहते समाधान की मांग कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो तय समय में धान खरीदी पूरी होना मुश्किल हो जाएगा। वहीं धान बेचने में हो रही देरी से किसानों को आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर के पास लगाई न्याय की गुहार
कलेक्टर के पास पहुंचे किसानों के एक स्वर में न्याय की गुहार लगाई है ।किसानों ने कहा है कि टोकन संबंधी समस्याओं का निराकरण होना चाहिए और धान खरीदी में होने वाली समस्याओं को भी ध्यान देने देने की जरूरत है।ताकि किसान अपने धान को बेच सकें।
वर्जन
जिन समितियों में किसानों को समस्या हो रही है,वहां स्थिति का आंकलन कर लिमिट बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है। जिन किसानों का धान उचित है,उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।
अमृत कुजूर
जिला खाद्य अधिकारी
वर्जन
किसानों को टोकन संबंधी समस्या की शिकायत मिली है इसके लिए निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।किसानों को समस्या नहीं होगी।
आशीष दुबे
नोडल अधिकारी