नाबालिगों को नशे का इंजेक्शन देने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर – नाबालिग बच्चों को नशे का इंजेक्शन देकर उन्हें आदी बनाने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाइयाँ और इंजेक्शन जप्त किए गए हैं।
सिटी कोतवाली पुलिस को 30 जनवरी को सूचना मिली थी कि जूना बिलासपुर इलाके में एक युवक नाबालिग बच्चों को नशे का इंजेक्शन दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखकर मौके से कुछ नाबालिग बच्चे भाग निकले, जबकि एक संदिग्ध व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमन विश्वकर्मा उर्फ टेंगा, उम्र 25 वर्ष, निवासी जूना बिलासपुर बताया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 400 नग एवीएल इंजेक्शन, नशीली गोलियाँ, इंजेक्शन लगाने में प्रयुक्त सिरिंज, खाली शीशियाँ और नकद 700 रुपये बरामद किए गए। जांच में सामने आया है कि आरोपी नशीली दवाओं को मिलाकर नाबालिग बच्चों को नशा कराने के उद्देश्य से उपयोग कर रहा था, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकता था और यह मानव जीवन के लिए अत्यंत खतरनाक है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सिटी कोतवाली पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध जानकारी की तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।