बिलासपुर पुलिस ने नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए ‘मेगा ऑपरेशन’ किया शुरू…..60 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी…..गोगो पेपर और रोलिंग पेपर के कारोबारियों में मचा हड़कंप

बिलासपुर।राजधानी रायपुर में नशे के उपकरणों पर कड़े प्रतिबंध के बाद अब बिलासपुर पुलिस ने भी नशे के नेटवर्क की कमर तोड़ने के लिए ‘मेगा ऑपरेशन’ शुरू कर दिया है। युवाओं और नाबालिगों में बढ़ते नशे के चलन को देखते हुए पुलिस विभाग ने शहर के 60 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर गोगो पेपर और रोलिंग पेपर के कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया।
पुलिस प्रशासन को लंबे समय से सोशल मीडिया और स्थानीय माध्यमों से शिकायतें मिल रही थीं कि पान दुकानों, चाय के ठेलों और किराना स्टोर्स पर गोगो स्मोकिंग कोन, रोलिंग पेपर और परफेक्ट रोल जैसे उत्पाद खुलेआम बेचे जा रहे हैं।

इन उत्पादों का उपयोग मुख्य रूप से नशीले पदार्थों के सेवन के लिए किया जाता है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में यह सामग्री जब्त की है और कई दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई है।प्रशासन का लक्ष्य रायपुर की तर्ज पर बिलासपुर में भी इन उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना है। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिए हैं कि शहर में अब नशे को बढ़ावा देने वाले किसी भी उपकरण की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस का मानना है कि इन पेपरों की आसान उपलब्धता ही युवाओं को नशे की ओर धकेल रही है। इस प्रतिबंध और कार्रवाई से नशे के शुरुआती स्रोत पर ही चोट की जा सकेगी। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी इन प्रतिबंधित सामग्रियों की बिक्री हो रही हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।