दहशत का पर्याय बने चिंगराजपारा के बदमाश,डंडे लहराकर युवक को दी जान से मारने की धमकी……

पुराने विवाद में फिर खूनी संघर्ष की आशंका,
पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार….
बिलासपुर ।न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिंगराजपारा कुदरूबाड़ी में आपसी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई के चलते मोहल्ले का माहौल गरमा गया है। क्षेत्र के निवासी दीपक देवांगन ने मोहल्ले के ही साहिल सूर्यवंशी और आदि सूर्यवंशी पर आतंक मचाने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, बीती 28 जनवरी की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच आरोपी साहिल और आदि सूर्यवंशी अपने अन्य साथियों के साथ डंडे लेकर उसके घर के पास पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने सरेराह डंडे लहराते हुए न केवल मोहल्ले में दहशत फैलाई, बल्कि दीपक को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित का कहना है कि ये युवक क्षेत्र में लगातार माहौल खराब कर रहे हैं और पूर्व में भी मारपीट की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का भाव बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित दीपक देवांगन ने अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया है। प्रार्थी ने मांग की है कि इन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके….