महाराणा चौक पर नशेड़ियों का हाई-वोल्टेज ड्रामा मौत से खेलता दिखा युवक

पब से निकलकर बीच सड़क पर हंगामा,
ट्रक के सामने खड़े होकर जान जोखिम में डाल रहे नशे में धुत युवा
बिलासपुर। न्यायधानी के महाराणा चौक ब्रिज के पास रविवार देर रात करीब 12 बजे नशे में धुत एक युवक और युवती के शर्मनाक हंगामे ने सड़क पर चलने वाले लोगों के होश उड़ा दिए। बताया जा रहा है कि शहर के किसी पब या बार से नशे की हालत में निकले इस जोड़े ने बीच सड़क पर जमकर बवाल काटा, लेकिन हद तो तब हो गई जब युवक अपनी सुध-बुध खोकर एक चलते हुए ट्रक के ठीक सामने जा खड़ा हुआ और ड्राइवर को अपने ऊपर गाड़ी चढ़ाने का इशारा करने लगा। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले नजारे को देखकर मौके पर मौजूद लोग सकते में आ गए, हालांकि ट्रक चालक ने ऐन वक्त पर सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। यह पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गई है, जो आधुनिक लाइफस्टाइल और नशे की गिरफ्त में फंसते युवाओं की भयावह तस्वीर पेश कर रही है। यह वाकया केवल एक हंगामा नहीं, बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं के गिरते नैतिक स्तर पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है, कि आखिर क्यों आज की पीढ़ी नशे के जुनून में न केवल कानून की धज्जियां उड़ा रही है, बल्कि अपनी और दूसरों की जान को भी दांव पर लगा रही है।