Blog

सरकारी योजनाओं पर संकट,स्कूलों में आधार अपडेट की रफ्तार धीमी….

60 हजार का लक्ष्य, सिर्फ 13 हजार पूरे- आधार अभियान फेल?….

1800 स्कूलों में कैंप, फिर भी आधार अपग्रेडेशन ठप….

बिलासपुर । शासकीय स्कूलों में आधार अपग्रेडेशन का अभियान सुस्त पड़ता नजर आ रहा है। बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए शुरू किए गए इस अभियान में अब तक उम्मीद के मुताबिक प्रगति नहीं हो सकी है। जिले में 60 हजार बच्चों के आधार अपडेट करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब तक केवल 13 हजार बच्चों का ही आधार अपग्रेड हो पाया है। ऐसे में करीब 47 हजार बच्चे अब भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।

बता दे एनआईसी के माध्यम से जिले के लगभग 1800 स्कूलों में आधार अपग्रेडेशन के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों का उद्देश्य बच्चों का डेटा यू-डाइस पोर्टल और अन्य विभागीय ऐप्स पर सही तरीके से अपडेट करना है। ताकि छात्रवृत्ति, गणवेश, मध्याह्न भोजन और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर बच्चों तक पहुंच सके।आधार अपग्रेडेशन इसलिए जरूरी है क्योंकि अब अधिकतर योजनाओं की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से बच्चों के खातों में भेजी जाती है। अगर आधार अपडेट नहीं हुआ, तो छात्रों को भविष्य में तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।प्रशासन ने इस कार्य की जिम्मेदारी स्कूलों के शिक्षकों को सौंपी है। उन्हें यह सुनिश्चित करना है कि उनके स्कूल का कोई भी बच्चा आधार अपग्रेडेशन से न छूटे। लेकिन अभियान की धीमी रफ्तार यह संकेत दे रही है कि कई जगहों पर लापरवाही बरती जा रही है। कैंप की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद लक्ष्य से पिछड़ना विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है।शिक्षा विभाग ने साफ कहा है कि सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि आधार अपग्रेडेशन का कार्य प्राथमिकता से पूरा करें। विभाग का कहना है कि जो शिक्षक इसमें लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *