बिजली विभाग की रजत जयंती, शहर से गांव तक जश्न….

तकनीकी सुधारों और उपलब्धियों का प्रदर्शन, बिजली विभाग का जश्न….
बिलासपुर।बिजली विभाग द्वारा शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रजत जयंती का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विभाग के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह विशेष कार्यक्रम 30 जनवरी से 6 फरवरी तक चल रहा है। इस आयोजन के तहत बिलासपुर शहर के साथ-साथ बेलतरा, तखतपुर, बिल्हा, मस्तूरी और कोटा में अलग-अलग केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।रजत जयंती कार्यक्रम में बिजली विभाग अपनी 25 वर्षों की उपलब्धियों, तकनीकी सुधारों और बेहतर उपभोक्ता सेवाओं को प्रदर्शित कर रहा है। उपभोक्ताओं को आधुनिक बिजली व्यवस्था, स्मार्ट तकनीक और सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे लोगों को विभाग की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिल रहा है।इसी कड़ी में सकरी स्थित बिजली कार्यालय मैदान में भी रजत जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया।सहायक यंत्री प्रदीप चौबे ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली और कॉलेज के छात्रों को ऊर्जा के महत्व से अवगत कराना है। छात्रों को सौर ऊर्जा के उपयोग, बिजली बचत और अक्षय ऊर्जा जैसे विषयों पर सरल और उपयोगी जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को भविष्य की ऊर्जा चुनौतियों के प्रति जागरूक बनाना है।बिजली विभाग का यह आयोजन न सिर्फ उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि समाज को ऊर्जा संरक्षण और जागरूकता का मजबूत संदेश भी दे रहा है।