Blog

रेलवे स्टेशन में बिछड़ा मासूम सकुशल परिजनों को सौंपा गया

बिलासपुर स्टेशन पर सतर्कता की मिसाल

बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर रविवार को मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम की सजगता से भीड़-भाड़ के बीच अपने परिवार से बिछड़ा लगभग पाँच वर्षीय बालक अल्प समय में सुरक्षित खोज लिया गया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, एक परिवार बिलासपुर से भोपाल की यात्रा के लिए 18233 नर्मदा एक्सप्रेस से प्रस्थान करने वाला था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर अधिक भीड़ होने के कारण बालक अपने परिजनों से अलग हो गया। घबराए परिजनों ने तुरंत रेलवे स्टाफ को सूचना दी।सूचना मिलते ही वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम सक्रिय हो गई और स्टेशन परिसर में सुनियोजित ढंग से खोजबीन शुरू की गई। कर्मचारियों के समन्वित प्रयास, सतर्क निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप बालक को शीघ्र ही सुरक्षित ढूंढ लिया गया। इसके पश्चात बच्चे को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया तथा पहचान एवं सत्यापन की आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसे परिवार को सौंप दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं। उन्होंने रेलवे प्रशासन एवं वाणिज्य विभाग की टीम का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा, यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्टेशन पर तैनात स्पेशल टीम की सतर्कता से इस प्रकार की घटनाओं में त्वरित राहत संभव हो पाती है। यात्रियों से अपील है कि यात्रा के दौरान बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे स्टाफ से संपर्क करें।
इस उत्कृष्ट कार्य से न केवल एक परिवार की बड़ी चिंता टली, बल्कि रेलवे की जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना की भी प्रभावी मिसाल सामने आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *