स्मार्ट मीटर पखवाड़े में जागरूकता शिविर, उपभोक्ताओं को मिली डिजिटल जानकारी

सेंदरी में आयोजित शिविर में स्मार्ट मीटर के फायदे समझाए
बिलासपुर।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा वितरण केंद्र सेंदरी में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के तहत उपभोक्ता जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। भारत सरकार के केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के निर्देशानुसार 9 से 23 फरवरी तक यह पखवाड़ा मनाया जा रहा है। शिविर में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और इसके लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट मीटर से बिलिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक होगी, जिससे गलत रीडिंग और मानवीय त्रुटियों की समस्या खत्म होगी।
उपभोक्ताओं को यह भी बताया गया कि स्मार्ट मीटर से बिजली खपत का रियल-टाइम डेटा प्राप्त किया जा सकता है, जिससे बिजली उपयोग पर बेहतर नियंत्रण संभव होगा।शिविर में “मोर बिजली” ऐप के माध्यम से बैलेंस, दैनिक खपत और लाइव डेटा देखने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही रिले ऑफ यानी बिजली बंद होने की स्थिति में क्या करना है, इस संबंध में विशेषज्ञों ने मौके पर ही उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान किया।बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में ऐप डाउनलोड कर डिजिटल सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान विभाग की टीमें घर-घर जाकर भी लोगों को स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक करेंगी।