सिरगिट्टी संकुल में वित्तीय गड़बड़ी, डीईओ ने दिए जांच के आदेश….कच्ची रसीदों पर हजारों का भुगतान, नियमों की खुली अनदेखी…
सादे कागज पर भुगतान,पारदर्शिता पर बड़े सवाल…..
बिलासपुर । सिरगिट्टी संकुल से वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि नियमों को ताक पर रखकर हजारों रुपये का भुगतान कच्ची रसीदों पर कर दिया गया। पांच हजार से अधिक की राशि पर रसीदी टिकट अनिवार्य होने के बावजूद इसका पालन नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दे दिए हैं।दस्तावेजों के अनुसार सत्र 2018-19 से 2022-23 के बीच संकुल समन्वयक द्वारिका प्रसाद कश्यप को किस्तों में 24 हजार रुपये नकद, 10 हजार रुपये चेक और 8 हजार 980 रुपये पीपीए के माध्यम से दिए गए। हैरानी की बात यह है कि कई भुगतान सादे कागज पर बिना रेवेन्यू स्टैम्प के दर्शाए गए हैं। जबकि वित्त विभाग के नियम साफ कहते हैं कि 5 हजार रुपये से अधिक की राशि पर रसीदी टिकट लगाना जरूरी है और भुगतान बैंक ट्रांसफर या अधिकृत माध्यम से ही होना चाहिए।किसी भी दस्तावेज में बैंक खाते का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिला है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच के बाद ही तय होगा कि यह लापरवाही है या गंभीर वित्तीय गड़बड़ी।