तीन साल बाद भी जब्त सामान नहीं मिला
न्याय की आस में कलेक्टर कार्यालय पहुंचा दुकानदार।
बिलासपुर। तारबाहर एफसीआई चौक के पास गुमटी संचालित करने वाले एक दुकानदार ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। गुमटी संचालक शेख साबिर का कहना है कि वर्ष 2023 में नगर निगम द्वारा उसकी गुमटी हटाने की कार्रवाई की गई थी।
शेख साबिर ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान कबाड़ के सामान सहित करीब तीन से चार लाख रुपये का माल जब्त कर लिया गया। उनका कहना है कि इसके बाद से अब तक उनका सामान वापस नहीं किया गया है। कई बार नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिलता रहा है। दुकानदार ने बताया कि उसकी दुकान ही परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी। सामान वापस न मिलने से वह गहरे आर्थिक संकट में फंस गया है आय का स्रोत बंद होने से परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है पीड़ित ने कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर जांच कराने और उसका सामान या समुचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।