बोर्ड और पीएससी परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क,
66 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में होंगी परीक्षाएं।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की परीक्षाओं में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी विजय तंडन को निर्देशित किया है कि परीक्षा की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जानकारी के अनुसार 22 फरवरी से पीएससी की परीक्षा भी आयोजित होने वाली है। बिलासपुर जिले में इसके लिए 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जहां लगभग 22 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन द्वारा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुरक्षा और निगरानी की तैयारियां की जा रही हैं। इधर बोर्ड परीक्षाओं को लेकर भी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। परीक्षा केंद्रों में पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने की तैयारी की गई है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। प्रशासन उच्च स्तरीय तैयारियों में जुटा है, ताकि विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।