Blog

राजकिशोर नगर के हुई ज्वेलरी लूट का खुलासा किया IG ने…..यूपी पुलिस के सहयोग के 5 आरोपी गिरफ्तार…लूटे गए जेवर, नगदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए फायर आर्म्स भी बरामद

बिलासपुर । राजकिशोर नगर में हुई सनसनीखेज ज्वेलरी लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। लूटे गए जेवर, नगदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए फायर आर्म्स भी बरामद कर लिए गए हैं।

मामला थाना सरकंडा क्षेत्र का है, जहां 17 फरवरी की रात बसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर अंधा मोड़ के पास योजनाबद्ध तरीके से हमला कर लूट की गई थी। बदमाशों ने ईको कार से टक्कर मारकर उन्हें रोका और पिस्टल व हथौड़े से हमला कर करीब 2 किलो से अधिक सोना, कच्चा सोना, फाइन गोल्ड और 3 लाख 50 हजार रुपये नगदी कार सहित लूटकर फरार हो गए थे।

घटना के बाद आईजी रामगोपाल गर्ग के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और जिले सहित रेंज में नाकेबंदी की गई। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों के उत्तर प्रदेश की ओर भागने की पुष्टि हुई।

बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश के अहरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी को बिलासपुर से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में विजय लांबा, मोनू उर्फ राहुल, विनोद उर्फ बीनू, करीम खान और इरफान अली शामिल हैं। मास्टरमाइंड विजय लांबा पर विभिन्न राज्यों में 70 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं।पुलिस ने लूटे गए जेवर, मशरूका, आग्नेय अस्त्र और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिए हैं। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस त्वरित कार्रवाई से व्यापारिक वर्ग में राहत और पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *