28 फरवरी की डेडलाइन नजदीक
समय पर धान उठाव
नहीं होने से जारी किया जाएगा नोटिस
बिलासपुर ।जिले में इस वर्ष 6 लाख 74 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है और अब सबसे बड़ी चुनौती समय पर उसके उठाव की है। प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में 28 फरवरी तक धान उठाव की अंतिम समय सीमा निर्धारित की है। इसी निर्देश के तहत जिले के खरीदी केंद्रों से धान उठाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के समितियों में अभी लगभग 11 लाख क्विंटल धान शेष है। प्रतिदिन करीब एक से डेढ़ लाख क्विंटल धान का उठाव किया जा रहा है। वहीं मिलिंग के लिए लगभग दो लाख क्विंटल धान ही बाकी है। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा उठाव सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
हालांकि पिछले वर्ष की स्थिति चिंताजनक रही थी। कई खरीदी केंद्रों में 8 से 10 महीने तक धान का उठाव नहीं हो पाया था, जिससे समिति प्रबंधकों और किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ी थी। लंबे समय तक धान पड़े रहने से भंडारण और सुरक्षा की समस्या भी सामने आई थी।
इस बार प्रशासन का दावा है कि पिछली बार जैसी स्थिति दोहराई नहीं जाएगी और सभी केंद्रों से समय पर उठाव कर लिया जाएगा। अब देखना होगा कि 28 फरवरी की डेडलाइन से पहले लक्ष्य पूरा होता है या खरीदी केंद्रों पर फिर से दबाव की स्थिति बनती है।
वर्जन
धान का उठाव करने जिले के राईस मिल संचालकों और विपणन विभाग से बात की गई है।उठाव नहीं करने पर नोटिस जारी किया जाएगा।
अमृत कुजूर
खाद्य नियंत्रक बिलासपुर